लाल किला में देखने को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की झलक, लगाई गई विशेष प्रदर्शनी
'अतुल्य भारत' का लोगो करीब 16 साल बाद एक बार फिर दिल्ली लाल किला मैदान में लगाई गई प्रदर्शनी और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2019 के साथ जुड़ चुका है। बता दें कि पहली बार 2002 में गीता जयंती कुरुक्षेत्र उत्सव से नाम बदल कर महाभारत उत्सव के समय यह लोगो ब्रांडिंग में नजर आया था।
बहरहाल देश-विदेश से लाल किला पहुंचने वाले पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में कुरुक्षेत्र पर आधारित यह प्रदर्शनी लगाई गई है। इस खास प्रदर्शनी में कुरुक्षेत्र से जुड़े पौराणिक और ऐतिहासिक घटनाक्रमों को पर्यटक एक नजर में जान सकते हैं। मकसद साफ है कि कैसे कुरुक्षेत्र को अधिक से अधिक लोग जाने और यह प्रण लें कि मैं कुरुक्षेत्र जाऊंगा।
कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और हरियाणा सरकार के सहयोग से 15 दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ मंगलवार को दिल्ली में हो चुका है। इस 15 दिवसीय प्रदर्शनी के दौरान एक दिसंबर 2019 को लाल किले से समरस संस्कारित गीतामय भारत के आह्वान के साथ गीता प्रेरणा महोत्सव भी लाल किला मैदान में मनाया जाएगा।
इस कार्यक्रम में संत महात्मा, देश-विदेश से बुद्धिजीवी और गीता में आस्था रखने वाले श्रद्धालु पहुंचेंगे। यह कार्यक्रम गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है।
सिख गुरुओं के इतिहास को प्रस्तुत किया गया
वर्धनवंश का राजधानी रहे कुरुक्षेत्र से लेकर कुरुक्षेत्र में मुगल शासक अकबर के आगमन और विश्व प्रसिद्ध कुरुक्षेत्र के सूर्यग्रहण मेले से जुड़े प्रसंग यहां प्रदर्शनी में प्रमुखता से रखे गये हैं। हालांकि प्रदर्शनी में पुरातन के साथ आधुनिक दौर में कुरुक्षेत्र में आयोजित किये जा रहे गीता जयंती उत्सव को भी यहां फोकस किया गया है।
इसी के साथ कुरुक्षेत्र, मारीशस और इंग्लैंड में आयोजित किये गये अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शानदार झलकियां पर्यटकों को कुरुक्षेत्र की ओर खींच सकती हैं। डीसी डा. एसएस फुलिया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहली बार इंक्रेडिबल इंडिया का लोगो प्रचार सामग्री में इस्तेमाल करने की अनुमति भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने दी है।
उल्लेखनीय है कि अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में तत्कालीन पर्यटन मंत्री जगमोहन के प्रयासों से पहली कुरुक्षेत्र को राष्ट्रीय उत्सव का दर्जा और अतुल्य भारत का लोगो इस्तेमाल करने की अनुमति मिली थी।
भागवत, बिड़ला, पोखरियाल और सीएम भी रहेंगे मौजूद
इन प्रमुख धर्मगुरुओं की रहेगी उपस्थिति
लाल किले मैदान में एक दिसंबर को आयोजित गीता प्रेरणा महोत्सव में स्वामी ज्ञानानंद के अलावा स्वामी गुरुशरणानंद महाराज, जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद महाराज,स्वामी राजेंद्रदास महाराज,स्वामी परमात्मानंद महाराज सहित कई महामंडलेश्वर और विश्वविख्यात संत महात्माओं की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।
उद्घाटन के बाद इन्होंने किया अवलोकन
करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय भाटिया, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, डीसी डॉ. एसएस फुलिया, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबडा, सूचना जनसपंर्क एवं भाषा विभाग के सयुंक्त निदेशक एवं केडीबी के सीईओ गगनदीप सिंह, एसडीएम पिहोवा डॉ. संजय कुमार सहित सैंकडों लोगों ने प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद इसका अवलोकन भी किया।